वैतरणी पार!

 वैतरणी पार!

कृशकाय शरीर, मानो कई महीनों से भोजन और पानी का अभाव रहा हो। कभी रोबीले, हृष्ट-पुष्ट और अपने स्वाद की बारीकियों को भली-भाँति पहचानने वाले बाबूजी लोगों का ध्यान अपनी ओर अनायास ही खींच लेते थे। ज़िंदगी के नब्बे बसंत पार कर चुके बाबूजी मानो अब तृप्त हो चले थे। शरीर नश्वर है, इस सत्य का एहसास उन्हें समय-समय पर होने लगा था।

नाती-पोते फ़ोन पर उनका हालचाल पूछते तो दो मिनट भी बात करना न जाने क्यों उन्हें भारी लगने लगा था। कभी थोड़े चिड़चिड़े हो जाते, तो अगले ही पल दार्शनिक अंदाज़ में ऊपर जाने की ज़िद करने लगते।

रक्षाबंधन पर बड़े उत्साह से सबको इकट्ठा किया, फिर बोले, "अब मैं थक गया हूँ, जाने दो।"

कहाँ जाने दें? यह सवाल हम सबको विस्मित कर जाता। फिर उन्होंने ज़िद पकड़ ली कि हमें गाँव ले चलो। हम सब थोड़े चिंतित हुए। समझाया कि आप गिर गए तो क्या होगा? देहरी कौन पार कराएगा? इस पर उनका जवाब था, "तुम सब होकर आओ।"

जब तक हम गाँव जाकर नहीं लौटे, बाबूजी ने अन्न का एक दाना तक ग्रहण नहीं किया।

रोज़ शाम सात बजे आने वाला उनका फ़ोन धीरे-धीरे कम हो गया था और हमारे दिन में दो बार उनका हालचाल पूछने का सिलसिला बढ़ गया था।

अम्मा के श्राद्ध वाले दिन बाबूजी ने अपनी और अम्मा की पसंद के ढेर सारे पकवान बनवाए और उन्हें बड़े चाव से खाया भी। लेकिन शायद हम उनके मन में चल रही उथल-पुथल से पूरी तरह अनजान थे।

शरीर की नित्य क्रियाओं पर अपना नियंत्रण खोते ही उनके आत्मविश्वास में बहुत कमी आ गई थी। स्वाद के लिए जीने वाले बाबूजी अब उसका आनंद भी नहीं ले पा रहे थे, क्योंकि डेंचर भी ठीक से फिट नहीं हो पा रहा था। असहाय होकर जीना उनकी आत्मशक्ति को तोड़ रहा था। धीरे-धीरे निर्बल होता शरीर मानो बाबूजी को भीतर से तोड़ चुका था।

दिन में बस थोड़ा-सा भोजन, कभी दो चम्मच खीर, और फिर कोल्डड्रिंक के लिए ज़िद करना उनकी रोज़मर्रा की आदत बन गई थी। दोपहर में सोते-सोते अचानक उठ बैठते और कुबेर अबेरी में नहाने चल देते। मना करने पर ज़िद पर अड़ जाते। कमज़ोर काया, लेकिन ज़िद अब भी अटल!

नहीं पता था कि बाबूजी के मन में क्या चल रहा था। पहले पाँच दिन थोड़ा-थोड़ा ठोस भोजन किया, फिर सेमी-लिक्विड डाइट पर आ गए। हम सबने ज़बरदस्ती खिलाने की कोशिश की तो धीमे से बोले, "कोई हमें जबरन खिला सकता है क्या?"

शायद बाबूजी ने वैतरणी पार करने का निश्चय कर लिया था।

हम सब बाबूजी के इर्द-गिर्द इकट्ठा हो गए। जब-तब उन्हें ज़बरदस्ती खिलाने की हमारी कोशिशें व्यर्थ जातीं। जब उन्हें अस्पताल ले जाने का प्रयास किया तो न जाने कहाँ से उनमें इतनी ताक़त आ गई कि वे ज़ोर-ज़ोर से हाथ-पाँव चलाने लगे। आख़िरकार उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए घर को ही अस्पताल बना दिया गया। एक अटेंडेंट हर समय उनके पास रहने लगा।

धीरे-धीरे बाबूजी ने जल भी त्याग दिया। अब वे सहारे से ही अपनी नित्य क्रियाएँ कर पाते थे।

आवाज़ ने भी देहावसान से छह दिन पहले ही विराम ले लिया था। लेकिन आश्चर्य देखिए, बिना कान की मशीन के भी अब उन्हें सुनने में कोई कठिनाई नहीं होती थी। अद्भुत! मानो धीरे-धीरे इंद्रियों पर उनका वश बढ़ता जा रहा था और शरीर से उनका मोह छूटता जा रहा था।

जो भी मिलने आता, उससे बात करने से कतराते और बस बड़बड़ाते रहते, "हमें जाने दो।"

चमकदार त्वचा अब श्यामवर्ण होने लगी थी। पिताजी शय्या पर करवटें बदलते रहते, लेकिन जल ग्रहण करना उन्हें मंज़ूर नहीं था।

संथारा—एक व्रत, एक नियम, या कहें स्वेच्छा से देह त्यागने की एक आध्यात्मिक प्रक्रिया। इसके बारे में सुना तो था, लेकिन अपने किसी निकट संबंधी को इस प्रक्रिया से गुजरते नहीं देखा था। कहना और लिखना जितना आसान है, उसे अपनी आँखों के सामने घटित होते देखना उतना ही कठिन, शायद असंभव।

बाबूजी ने कब प्रण किया , पता ही नहीं चला। जब समझ आया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। एक निवाला भोजन करना भी हम सबके लिए मुश्किल हो रहा था। हर समय शय्या पर समाधिस्थ बाबूजी को देखते और भीतर तक विचलित हो जाते। कभी उनके कमरे में भजन लगा देते, कभी उनका पसंदीदा गायत्री मंत्र चला देते।

मृत्यु का इंतज़ार भला कौन करता है! लेकिन हम उनकी इच्छा के आगे विवश थे।

पंचक में देहावसान होने से परिवार पर कोई और मुसीबत न आए, शायद इसी भाव से बाबूजी ने शरद पूर्णिमा के दिन, पंचक समाप्त होने के पश्चात, ब्रह्म मुहूर्त में ईश्वर की कृपा से स्वेच्छा से देह त्याग दी। बेटे-बहुओं से घिरे बाबूजी की साँसें धीरे-धीरे थमती गईं और सुबह तीन बजकर आठ मिनट पर उनका देहावसान हो गया।

एक गृहस्थ के लिए इतना कठोर निश्चय करना कितना कठिन रहा होगा! कितने मोह-माया के बंधनों को तोड़ना पड़ा होगा! मन, देह और असीम इच्छाशक्ति का कितना अद्भुत संयोग रहा होगा, जिसने उन्हें इस निर्णय तक पहुँचाया।

लेकिन बाबूजी से एक शिकायत हमेशा रहेगी। संथारा की प्रक्रिया के पहले नियम का पालन कर लेते तो शायद हम इस आत्मग्लानि से बच जाते। पहला नियम—परिवार से इसकी अनुमति लेना।

लेकिन नहीं, यह तो हो ही नहीं पाता!

एक प्रश्न हमेशा मन में घूमता रहेगा—

क्या हम उन्हें अनुमति दे पाते........?

ॐ शांति।

मंजरी 🙏

Comments

Popular posts from this blog

Unpublished Diary page of a homemaker-4 (Who made the Maids)

Unpublished Diary page of a home maker -5 (Pocahontas)

Unpublished Diary page of a home maker - The other side!!!!